विवादित बयान पर फूंका मंत्री का पुतला: गरजते कांग्रेसियों पर पुलिस ने कराई पानी की बौछार

जनमत हिन्दी। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर दिए गए विवादित बयान ने राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने इस बयान को अपमानजनक करार देते हुए कोतवाली थाना तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और मंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने इस बयान को न सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते का अपमान बताया, बल्कि इसे भाजपा की गंदी मानसिकता का प्रमाण भी बताया है। इस विरोध प्रदर्शन में शहर और ग्रामीण कांग्रेस के नेताओं सहित काफी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नवरात्रि जैसे पवित्र त्योहार के दौरान भाई-बहन के रिश्ते का अपमान किया। उनकी भाषा और महिलाओं के प्रति उनकी सोच हमेशा से विवादास्पद रही है। चाहे वह महिलाओं के कपड़े हों, उनकी शिक्षा हो या उनकी बोली, वे बार-बार महिलाओं का अपमान करते हैं। यह भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष व पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय का यह बयान न सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते को कलंकित करता है, बल्कि यह पूरे देश की संस्कृति पर हमला है। यह भाजपा की गंदी मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण है। प्रदर्शन में मौजूद अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बयान कांग्रेस पर हमला नहीं, बल्कि देश के हर भाई-बहन के सम्मान को चुनौती है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदर्शन में पूर्व शहर अध्यक्ष प्रियदर्शन गौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, मौसूफ अहमद बिट्टू, राजा जगवानी, प्रेम बत्रा, आफताब अहमद, चोखे भाईजान, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, नारायण निषाद, दिग्विजय सिंह, कमल पांडे, अजय खटीक, संजय गुप्ता, श्याम यादव, मुकेश मिश्रा, विजय मंगल चौधरी, अशोक मौर्य, दीपक गुप्ता, प्रहलाद यादव, अजय गोटिया सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *