जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान: महापौर कि उपस्थिति में कराया गया सीसी नाला निर्माण का भूमिपूजन, वार्डवासियों की मांग पूरी

जनमत हिन्दी। कटनी नगर निगम सीमा क्षेत्र के राम मनोहर लोहिया वार्ड अंतर्गत चंडिका नगर रविवार को विकास की दिशा में एक अहम पहल का साक्षी बना। जब क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जल निकासी समस्या को ध्यान में रखते हुए लगभग 30 लाख रुपए की लागत से सीसी नाला निर्माण कार्य का भूमिपूजन कराया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और मेयर इन काउंसिल सदस्य और क्षेत्रीय पार्षद उमेन्द्र अहिरवार की उपस्थिति रही। सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का संदेश देते हुए भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों के हाथों कराया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम विकास को सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि सीसी नाला निर्माण से चंडिका नगर को जलभराव और गंदगी की समस्या से मुक्ति मिलेगी। नगर निगम गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ विकास कार्य पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। क्षेत्रीय पार्षद ने कहा कि चंडिका नगर के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग आज पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनता के विश्वास का परिणाम है। आने वाले समय में वार्ड में सड़क, सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसे अन्य विकास कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना राजकिशोर यादव, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद डब्बू रजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।साथ ही कार्यक्रम में शैलेंद्र प्यासी, संजय खरे, आशीष रैकवार, समाजसेवी संजू नाकरा, सुनीता गुप्ता सहित काफी संख्या में वार्ड की मातृशक्ति और वार्डवासियों की उपस्थिति रही। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *