जनमत हिन्दी। शहर के नेहरू वार्ड में लगभग 94 लाख रुपए की लागत से निर्मित और प्रस्तावित सड़क, नाली, द्वार सहित उद्यान जैसे बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और क्षेत्रीय पार्षद शशिकांत तिवारी की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों के विकास से शहरवासियों को सुविधा दी जा रही है। सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था को ध्यान में रखकर निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। महापौर ने कहा कि सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा में कराया जा रहा है। क्षेत्रीय पार्षद शशिकांत तिवारी ने कहा कि इन कार्यों से नेहरू वार्ड की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से पार्क जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत नेहरू वार्ड स्थित माधवनगर में श्रीराम द्वार और हाउसिंग बोर्ड टिनी टॉट्स स्कूल के पास नवनिर्मित पार्क का विधिवत लोकार्पण महापौर, क्षेत्रीय पार्षद की उपस्थिति में डॉ. ऋषभ जैन के करकमलों द्वारा फीता काटकर कराया गया। वार्ड में श्रीराम द्वार और पार्क से न सिर्फ सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करेंगे, बल्कि यह स्थान नागरिकों के लिए विश्राम और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र भी बनेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय उपयंत्री द्वारा निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। वहीं क्षेत्रवासियों ने आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों की सराहना की। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिक विजय पांडेय, अजय जैन, टीकाराम विश्वकर्मा, गौरव सियाल, डब्बू दुग्गल, लालमन रजक, कपिल आनंद, जम्मू सेन, संजू बर्मन, पिंकी जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा सहित वार्डवासियों की उपस्थिति रही।
नेहरू वार्ड को मिली नई पहचान: श्रीराम द्वार और पार्क का महापौर ने किया लोकार्पण, वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान












Leave a Reply