जनमत हिन्दी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के ग्राम कोठी स्थित सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को भोजन वितरण में बरती गई गंभीर लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संयुक्त जांच कराई, जिसके बाद परियोजना अधिकारी को नोटिस, सुपरवाइजर के विरुद्ध विभागीय जांच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस और मानदेय कटौती के निर्देश जारी किए गए हैं।
ढीमरखेड़ा के ग्राम कोठी के आंगनवाड़ी केंद्र सेहरा टोला में बीते शुक्रवार को बच्चों को भोजन प्रदाय के दौरान बरती गई कोताही के मामले को कलेक्टर आशीष तिवारी ने गंभीर लापरवाही मानते हुए संयुक्त जांच टीम गठित कर प्रतिवेदन तलब किया। इसके आधार पर कलेक्टर ने महिला, बाल विकास की परियोजना अधिकारी को नोटिस देने, सुपरवाइजर की विभागीय जांच संस्थित करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर मानदेय कटौती के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने संयुक्त जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर आरती यादव, परियोजना अधिकारी ढीमरखेड़ा, आंगनवाड़ी केंद्र सेहरा टोला की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना बैगा, सहायिका मैना बैगा को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने, पूर्व से केंद्र का अतिरिक्त प्रभार प्राप्त कोठी की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुशीला गोंड की वार्षिक मानदेय वृद्धि रोके जाने, सेक्टर पर्यवेक्षक अनीता प्रधान की विभागीय जांच संस्थित करने के निर्देश दिए हैं।इसके साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना बैगा, सहायिका मैना बैगा का उपस्थिति दिवस से आंगनवाड़ी केंद्र सेहरा टोला में उपस्थित होकर केंद्र संचालन किए जाने तक की अवधि का मानदेय कटौती किए जाने के लिए परियोजना अधिकारी ढीमरखेड़ा को निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को भोजन वितरण, बच्चों के भोजन खाने के दौरान बरती गई लापरवाही की जांच के लिए संयुक्त जांच टीम गठित की, जिसमें वनश्री कुर्वेती, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला, बाल विकास, परियोजना अधिकारी ढीमरखेड़ा आरती यादव, परियोजना अधिकारी बहोरीबंद सतीश पटेल शामिल रहे।कलेक्टर के निर्देश पर सेहरा टोला आंगनवाड़ी केंद्र पहुंची संयुक्त जांच टीम द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, संबंधित पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका की उपस्थिति में प्रकरण की जांच की गई।संयुक्त टीम द्वारा पाया गया कि आंगनवाड़ी केंद्र सेहरा टोला में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका संचालित आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित नहीं हुईं, जिसके कारण यह स्थिति निर्मित हुई। जांच प्रक्रिया के दौरान स्थानीय जनों द्वारा सेहरा टोला के लिए नवीन आंगनवाड़ी केंद्र स्वीकृत करवाने, आंगनवाड़ी भवन क्षेत्र के विद्यालय परिसर में निर्माण करवाए जाने की आवश्यकता बताई गई। इस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का संयुक्त जांच टीम द्वारा आश्वासन दिया गया।












Leave a Reply