कमरे में घुसा तेंदुआ का शावक: वन क्षेत्र से सटे प्लांट में वन्यजीव की दस्तक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

जनमत हिन्दी। कटनी जिले के जाजागढ़ बिचपुरा स्थित महालक्ष्मी क्रेशर प्लांट के कार्यालय में शनिवार को एक तेंदुए का शावक घुस गया। शावक को अचानक कार्यालय में देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कार्यालय में तेंदुए के शावक घुसने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई करते हुए शावक को पकड़ा और उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।जानकारी के अनुसार बड़वारा-बरही वन परिक्षेत्र के अंतर्गत महालक्ष्मी क्रेशर प्लांट वन क्षेत्र की सीमा से सटा हुआ है। शनिवार को जब प्लांट के कार्यालय में कामकाज चल रहा था, तभी लगभग दो माह का एक तेंदुआ शावक भटकते हुए परिसर के अंदर आ गया और सीधे कार्यालय के कमरे में घुस गया। जिसकी सूचना कर्मचारियों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला और डिप्टी रेंजर पंकज दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा घेरा बनाकर शावक को बिना नुकसान पहुंचाए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और उसे सुरक्षित पकड़ लिया।वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया शावक लगभग दो महीने का है। वह अपनी मां से बिछड़कर भोजन या पानी की तलाश में रिहायशी इलाके की ओर आ गया था। शावक को फिलहाल विभागीय निगरानी में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *