जनमत हिन्दी। कटनी जिले की कैमोर थाना अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा ब्रांच के सामने मंगलवार सुबह बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीलेश उर्फ नीलू रजक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से ही क्षेत्र में तनाव है। वारदात की सूचना पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वारदात के बाद जिले के पुलिस अधिकारी भी वहां पर पहुंचे। इसके अलावा जबलपुर से डीआईजी भी कैमोर पहुंचकर वारदात की जानकारी लेने के साथ ही हालत का जायजा लिया है। वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। कैमोर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान, दुकानें बंद कर विरोध जताया है। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 11 बजे दो बाइक सवार युवक बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने पहुंचे। दोनों ने चेहरा कपड़े से ढक रखा था। वहीं पर नीलू रजक सड़क किनारे खड़े हुए थे, तभी एक युवक ने नजदीक से पिस्टल निकालकर सीने पर फायर कर दिया। गोली पसलियों को चीरती हुई अंदर जा धंसी। नीलू मौके पर ही लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली मारने के बाद हमलावर बाइक से तेज रफ्तार भागते हुए फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए नीलू को स्थानीय लोगों ने विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात की खबर क्षेत्र में फैलते ही पूरे कैमोर नगर में हड़कंप मच गया। काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद एसपी ने कैमोर थाना प्रभारी और एक आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद गोलीकांड
कैमोर में युवक को गोली मारने की वारदात क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वारदात के बाद से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी सोशल मीडिया में वायरल किए गए हैं। वीडियो में गोली कांड स्पष्ट नजर आ रहा है। वीडियो में दो युवक बाइक से आते दिख रहे हैं, नजदीक जाकर गोली चलाते हैं और फिर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
वहीं सूत्रों की मानें तो मृतक नीलू रजक का कुछ महीने पहले भाटिया मोहल्ला निवासी एक युवक से विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। हालांकि, पुलिस फिलहाल यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह हत्याकांड उसी विवाद का परिणाम है या फिर किसी अन्य रंजिश का हिस्सा है।
बजरंग दल के पूर्व गौ सेवा प्रमुख नीलेश उर्फ नीलू रजक की गोली मारकर हत्या की खबर फैलते ही नगर में शोक और आक्रोश का माहौल है। आक्रोशित लोगों ने वाारदात के विरोध में कैमोर बाजार बंद करा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। वहीं इस वारदात के बाद अमरैया पार निवासी बस चालक जोसफ द्वारा फांसी लगा ली गई। साथ ही यह भी खबर आई है कि उसकी पत्नी के भी जहर खाने की चर्चा है। इस घटना को भी गोलीकांड से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल जिस जोसफ ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है उनका प्रिंस नामक बेटा संदिग्ध आरोपी के साथ देखा गया था। पुलिस ने उसकी तलाश कर रही थी। हालांकि इस बात की पुष्टी नहीं की गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कैमोर में हुए गोलीकांड के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है। घटना की गंभीरता के मद्देनजर जबलपुर पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा स्वंय दोपहर बाद कटनी पहुंचे, जबकि पुलिस उपमहानिरीक्षक अतुल सिंह सुबह से ही कैमोर में मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर स्थिति का आकलन किया।
कैमोर में नीलेश उर्फ नीलू रजक की गोलीमार कर की गई हत्या की जानकारी मिलने पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख जताया है और उनके परिजनों को दुख सहन करने की प्रार्थना की है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपना एक अच्छा कार्यकर्ता समाजिक व्यक्तित्व और मैंने अपना छोटे भाई को खो दिया है। विधायक ने बिहार में अपना आगे का चुनाव प्रचार कार्यक्रमों को रद्द करते हुए तत्काल विजयराघवगढ़ लौटने का फैसला लिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क करते हुए तत्काल दोषियों को पकड़ने की कार्रवाई की बात कही है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीलेश रजक की हत्या की जानकारी मिलने के बाद सांसद वीडी शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से बात की और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कैमोर गोलीकांड: बिहार से वापस आए विधायक, टीआई, आरक्षक लाइन अटैच, पूरे क्षेत्र में आक्रोश, पढ़े वारदात के सभी घटनाक्रम












Leave a Reply