अवैध खनन पर कार्रवाई: खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, दतला नदी से जब्त किए ट्रैक्टर

जनमत हिन्दी। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत दतला नदी घाटों में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। माइनिंग विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देकर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टरों को पकड़कर जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी अनुसार ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से लंबे समय से अवैध रूप से रेत निकासी की किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा खनिज और पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। माइनिंग इंस्पेक्टर कमलेश परस्ते, पवन कुशवाह के नेतृत्व में माइनिंग विभाग की टीम के साथ ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे और पुलिस बल ने दतला नदी घाट में अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दतला घाट, बम्होरी गांव के पास अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए चार ट्रैक्टर पकड़े गए, जिन्हें सिलौड़ी चौकी में लाकर जब्त किया गया। पुलिस और माइनिंग विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। संयुक्त टीम के अधिकारियों का कहना है कि रेत के अवैध परिवहन और अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई का यह अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध खनन पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *