जनमत हिन्दी। जिले के विजयराघवगढ़ में तहसील के घुनौर गांव के जंगल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर लकड़ी बीनने के लिए अपने बहन के साथ गए दस वर्ष के बच्चे पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राज कोल अपनी बहन और दोस्तों के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मारा और देखते ही देखते तेंदुए ने मुंह में दबाकर उसे जंगल की ओर खींच लिया। तेंदुए के हमले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़े, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल सका। बच्चे का शव घने जंगल के करीब 500 मीटर अंदर झाड़ियों के बीच में मिला। बच्चे पर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
जिसके बाद वन विभाग और पुलिस टीम द्वारा पूरे जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। तेंदुए की लोकेशन पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। टीम तेंदुए के पदचिह्नों के आधार पर उसकी दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता देखी जा रही थी। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते गश्त बढ़ाई जाती या तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जाते, तो यह घटना नही होती। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने के लिए कहा गया है। गौरतलब है कि विजयराघवगढ़ और बरही क्षेत्र के जंगलों में लगातार बाघ, तेंदएं की दस्तक रहती है, इन क्षेत्रों में आए दिए तेंदुए और बाघ देखे जाने की की जानकारी मिलती रहती है। कई बार तेंदुए और बाघ ग्रामीण अंचलों में रिहायशी क्षेत्र में आ जाते है। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का महौल बना रहता है।
आठ लाख का मुआवजा
तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत के मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा और विधायक संजय पाठक ने गहन दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार की हर सम्भव मदद का भरोसा दिया है।
सांसद ने बताया कि पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपए की तात्कालिक सहायता दी जाएगी। विधायक संजय पाठक ने वन विभाग के वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों से सम्पर्क करते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू करने का आग्रह किया। विधायक संजय पाठक ने डीएफओ गौरव शर्मा से बात कर परिवार की मदद और विजयराघवगढ़ विधानसभा का बहुत बड़ा हिस्से में वन्य जीवों की सक्रियता को देखते हुए तत्काल रूप से वन्य जीवों और मानव के बीच टकराव को रोकने के लिए फॉरेस्ट गार्ड, बीट गार्ड की पैट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह किया। जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
कटनी में दिल दहला देने वाली घटना: बहन के सामने मासूम भाई को घसीट ले गया तेंदुआ, हमला कर मार डाला












Leave a Reply