मनरेगा बंद करने पर केंद्र पर निशाना: प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा, मजदूरों का रोजगार खत्म कर रही सरकार

जनमत हिन्दी। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष का प्रथम नगर आगमन शनिवार को हुआ। उनके आगमन पर महिला कांग्रेस नेत्री सौम्या रांधेलिया के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेस महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। स्वागत कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा की। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश महिला  कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में कटनी समस्याओं की राजधानी बन गया है, जहां नागरिक बिजली, सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। बरगवां स्थित कांग्रेस कार्यालय में अपनी पहली कटनी यात्रा के दौरान एक पत्रकार वार्ता में बोरासी ने यह बात कही। उन्होंने कटनी के विकास के लिए सरकार से एक समग्र योजना बनाने की मांग की। बोरासी ने याद दिलाया कि वर्ष 2003 में जब प्रदेश में भाजपा सरकार बनी थी, तब बिजली कटौती समाप्त करने, अच्छी सड़कें उपलब्ध कराने और हर घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का वादा किया गया था। उन्होंने कहा कि इन वादों को 23 साल बीत चुके हैं, लेकिन वे आज भी पूरे नहीं हो सके हैं। बोरासी ने कटनी की सड़कों की खराब हालत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि या तो सड़कें हैं ही नहीं, और यदि हैं तो वे गड्ढों से भरी हुई हैं। कटनी के विकास के लिए यह आवश्यक है कि राज्य सरकार के द्वारा समग्र विकास की योजना तैयार की जाएं। इस योजना के क्रियान्वयन के लिए समय सूची तय की जाएं। इस योजना के क्रियान्वयन में होने वाला सारा खर्च राज्य सरकार के द्वारा उठाया जाएं। उन्होंने मांग की है कि कटनी को समस्या से मुक्त करने के लिए राज्य सरकार के द्वारा 2000 करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाए। इस अनुदान की राशि से कटनी नगर निगम तथा जिला पंचायत के द्वारा सभी सड़कों का नए सिरे से निर्माण किया जाए। कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार के द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना कटनी जैसे छोटे और समस्याओं से घिरे शहरों में रोजगार के अवसर पैदा करने का एक जरिया थी। इस योजना के माध्यम से गरीब लोगों को रोजगार मिलता था। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के द्वारा इस योजना को बंद करते हुए इसके स्थान पर एक नई योजना घोषित कर दी गई है। इस नई योजना से ना तो गरीब नागरिकों को रोजगार मिलेगा और ना ही उन लोगों का जीवन यापन अच्छा हो सकेगा। पत्रकार वार्ता के पहले शहर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनी वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, सौम्या रांधेलिया सहित काफी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *