जनमत हिन्दी। नगर निगम द्वारा नागरिक समस्याओं के तत्काल निराकरण और बेहतर प्रशासनिक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को मेयर इन काउंसिल कक्ष में महापौर द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक चले इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्या लेकर उपस्थित हुए। जनसुनवाई के दौरान महापौर का सक्रिय एवं संवेदनशील रुख देखने को मिला, जहां उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान होने से नागरिकों के चेहरे पर संतोष नजर आया।
महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का लक्ष्य सिर्फ शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि हर नागरिक को समय पर समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। इस दौरान सड़क सुधार, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण, खाद्य पर्ची, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा नाली-नालों से जुड़ी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। महापौर ने प्रत्येक प्रकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 49 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 18 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने इस अवसर पर पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए उनके निराकरण में तेजी लाने और लंबित मामलों का जल्द समाधान करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शहरवासियों की समस्याओं का लगातार समाधान और बेहतर प्रशासनिक संवाद के लिए आगामी मंगलवारों को भी जनसुनवाई कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजन किया जाएगा।
सड़क से सफाई तक: जनसुनवाई में हर मुद्दे पर फोकस, हर समस्या का समयबद्ध समाधान












Leave a Reply