जनमत हिन्दी। कटनी जिले में कांग्रेस द्वारा पंचायत चलो अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र की खड़खरी ग्राम पंचायत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें काफी संख्या में युवाओं ने आगामी चुनावों की रणनीति बनाई। साथ ही सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा डिग्री लेकर रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि सरकार सिर्फ झूठे विज्ञापनों में व्यस्त है। उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा ने युवाओं के साथ छल किया है। जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि सरकार ने तीन हजार रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। गेहूं के दाम नहीं बढ़े, लेकिन कर्ज के बोझ तले दबे किसानों की आत्महत्या के आंकड़े जरूर बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बहोरीबंद सहित पूरे जिले में किसान कड़ाके की ठंड में खाद के लिए रातें गुजारने को मजबूर हैं। मोहम्मद इसराइल ने महिलाओं से किए गए वादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को तीन हजार रुपए प्रति माह देने का वादा भी खोखला साबित हुआ है। सरकार ने बहनों को सिर्फ चुनावी मोहरा बनाकर छोड़ दिया है। बहोरीबंद युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक यादव ने युवाओं के भविष्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले का पढ़ा-लिखा युवा आज पलायन करने को मजबूर है। यादव ने चेतावनी दी कि युवा कांग्रेस सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी और कटनी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा को हराकर इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की शुरुआत यहीं से होगी। पंचायत चलो अभियान के तहत युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक घर में दस्तक देंगे। वे जनता के सामने सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे। कार्यक्रम में काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस का पंचायत चलो अभियान: घर-घर दस्तक दे रहे कार्यकर्ता, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप












Leave a Reply