जनमत हिन्दी। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के भ्रमण के दौरान आशीष तिवारी कलेक्टर ने योजनाओं की जमीनी हकीकत जायजा लेने के लिए जलग्रहण मिशन के कार्यों, शिक्षा की गुणवत्ता, मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पैदल चलकर तालाब का जायजा लिया, स्कूल पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और दिव्यांग को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए। ढीमरखेड़ा के भ्रमण के दौरान खेतों, मेढ़ों, उबड़-खाबड़ रास्तों से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर जलग्रहण मिशन योजना के अंतर्गत ग्राम झिर्री में करीब 15 लाख रुपए की लागत से बनाए गए तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर मौजूद रहे। इस दौरान बताया गया बताया गया कि यहां तालाब के समीपवर्ती 8-9 किसानों द्वारा करीब 25 एकड़ खेतों की फसलों की सिंचाई इसी तालाब से की जा रही है। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक शाला मढ़िया टोला झिर्री पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 3 की छात्रा रिया से 2 का पहाड़ा, कक्षा 5 के छात्र विवेक सिंह से स्कूल परिसर में मौजूद खंभों की संख्या का जोड़ पूछा। दोनों छात्रों ने सही उत्तर दिया, जिस पर कलेक्टर ने छात्रों को शाबाशी दी। कलेक्टर ने पूछा हाथ उठाकर बताएं कितने बच्चे प्रतिदिन स्कूल आते हैं, जिस पर सभी बच्चों ने हाथ उठाकर बताया कि वे सभी नियमित रूप से स्कूल आते हैं। मध्यान्ह भोजन में सभी बच्चों को खीर, सब्जी, पूरी मिलने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। कलेक्टर ने स्कूल में किचन शेड बनवाने के निर्देश दिए। स्कूल में शिक्षक गोरेलाल यादव, नीतू साहू उपस्थित मिले। कलेक्टर ने स्कूल के समीप जलग्रहण मिशन के पौधारोपण कार्य का निरीक्षण किया। कम पौधारोपण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विभिन्न प्रजातियों के अधिक पौधे रोपकर इसे उद्यान के स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
झिर्री से निरीक्षण के बाद निकलते समय कलेक्टर को झिर्री निवासी अस्थिबाधित दिव्यांग जगदीश यादव दिखाई दिए। जिस पर कलेक्टर ने वाहन रुकवाकर तत्काल जगदीश के पास पहुंचकर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ को निर्देश दिए कि जगदीश को ट्राइसाइकिल दिलाई जाए। ताकि उन्हें आने-जाने में परेशानी नहीं हो। निरीक्षण के दौरान एसडीएम निधि सिंह गोहल, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ यजुवेंद्र कोरी, तहसीलदार नितिन पटेल सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण अंचलों में कलेक्टर का भ्रमण: शिक्षा, मध्यान्ह भोजन, सिंचाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत का लिया जायजा












Leave a Reply