अभियान चलाकर बनाए आयुष्मान कार्ड: भूमि स्वामियों का बनाए किसान पहचान पत्र, कलेक्टर ने दिए निर्देश


जनमत हिन्दी। कटनी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले में आयुष्मान कार्ड, भूमि स्वामियों के फार्मर आईडी रजिस्ट्री बनाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने सीमांकन प्रकरणों के निपटारे में तेजी लाने की हिदायत दी। इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा, स्वास्थ्य अधिकारी, तीनों खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अभियान चलाकर मिलावटी दूध विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दूध के नमूने संकलित किए जाएं। नमूनों की जांच के लिए लैब भेजा जाए, मिलावटी दूध बेचने में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने उपसंचालक पशुपालन, डेयरी विकास डॉ आर के सोनी को निर्देशित किया कि जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए शासन द्वारा संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान 2.0 के तहत पूरा अमला गांवों में दिखे। पशुपालकों से संपर्क करें, पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, पशुओं के टीकाकरण की जानकारी दें। साथ ही जिले की अक्रियाशील दुग्ध समितियों को सक्रिय करें। डॉ सोनी ने बताया कि वर्तमान में जिले में समितियों के माध्यम से 1500 लीटर दूध संग्रहित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी के फल-सब्जी प्रांगण से संबंधित शिकायत की जांच के लिए एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी को निर्देशित किया। जांच कार्य में सहयोग के लिए कृषि, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पुलिस, राजस्व, ऊर्जा, स्वास्थ्य विभागों को शिकायतों के निराकरण में पूरी संवेदनशीलता के साथ तेजी लाने की हिदायत दी। जिला श्रम अधिकारी बी मिश्रा को संबल पंजीयन से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी शिकायत 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी विभागों को ईएचआरएमएस पोर्टल में अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत सभी विकासखंडों में चयनित किसान हितग्राहियों के स्थल निरीक्षण कलेक्टर स्वयं करेंगे, जिला पंचायत सीईओ भी निरीक्षण करेंगी। बताया गया कि योजनांतर्गत 97 का लक्ष्य है। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर से समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए नगर निगम कटनी में प्रगति बढ़ाने की हिदायत दी। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, रीठी का कार्य ई-केवाईसी के मामले में कमजोर बताया गया। विशेष प्रयास कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता को निर्देशित किया कि जिले के विभिन्न विभागों से 31 दिसंबर की स्थिति तक सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मियों के पेंशन प्रकरणों के निराकरण की दिशा में ठोस, प्रभावी कार्य किया जाए। पिछले दो वर्षों में सेवानिवृत्त ऐसे कर्मचारी जिनकी पेंशन प्रारंभ नहीं हुई है, असहयोग करने वाले आहरण, संवितरण अधिकारियों का चिन्हांकन किया जाए। कलेक्टर ने नगर परिषद बरही, विजयराघवगढ़ में गीता भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर आवंटित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर निगम कटनी, कैमोर, विजयराघवगढ़, बरही के नगरीय निकायों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजनांतर्गत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम को अभिलेख दुरुस्ती के मामलों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण जैसे राजस्व मामलों में भी गति लाने की हिदायत दी। बैठक में संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, सभी डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला रोजगार अधिकारी डीके पासी, महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर, लोकसेवा जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *