भाजपा नेता हत्याकांड: कैमोर में आरोपी अकरम खान के घर पर चला बुलडोजर, पुलिस बल तैनात

जनमत हिन्दी। कटनी के कैमोर में भाजपा नेता नीलेश उर्फ नीलू रजक की हत्या के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य आरोपी अकरम खान के घर पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नगर परिषद, जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल अमरैयापार स्थित आरोपी के निवास पर पहुंचा और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।


कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कैमोर और विजयराघवगढ़ क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। थाना प्रभारी आशीष शर्मा स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं।


आरोपी पक्ष ने इस कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन वहां से राहत नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने तय कार्यक्रम के अनुसार बुलडोजर कार्रवाई शुरू की।

बतादें कि बीती 28 अक्टूबर 2025 को भाजपा नेता नीलेश रजक की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे अपनी बेटी को स्कूल से लेने जा रहे थे। इस हत्याकांड में अकरम खान और उसका साथी प्रिंस जोसफ आरोपी हैं। घटना के बाद पूरे जिले में भारी जनाक्रोश देखने को मिला था और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *