जनमत हिन्दी। कटनी शहर की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर को पूर्ण रूप से सक्रिय करने, भूखंड आवंटन, विकास कार्यों में तेजी, सुविधाओं के विस्तार और नो लॉस–नो प्रॉफिट के आधार पर ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को स्थानांतरित करने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और संगठित बनाया जा सके।
विधायक संदीप जायसवाल ने बैठक के दौरान शहर विकास सर्वोपरि होने की बात कहते हुए जिन 114 ट्रांसपोर्टरों को ट्रांसपोर्ट नगर में भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है, उनसे शीघ्र ही ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसाय संचालन की बात कही, शेष नवीन 2005 तक के 115 ट्रांसपोर्टरों को ट्रांसपोर्ट नगर में ही नो प्रॉफिट नो लॉस के आधार पर भूमि आवंटन के लिए सभी को शासन स्तर से पुनः मिलकर प्रयास करने का सुझाव दिया। इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन विधायक जायसवाल ने दिया। बैठक के दौरान विधायक जायसवाल ने ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, ट्रांसपोर्ट नगर के लिए शासन स्तर से भूमि आवंटन, ट्रांसपोर्ट नगर में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर के व्यवस्थित संचालन के लिए नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायियों को बेहतर सुविधा मिल सके, इस दिशा में आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। महापौर सूरी ने शेष 115 नवीन ट्रांसपोर्टरों के भूखंड आवंटन की प्रक्रिया के लिए भी शासन स्तर से मिलकर प्रयास करने की बात कही।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में 15 बाय 30 मीटर के 27 भूखंड रिक्त हैं, प्रति भूखंड कीमत 47.92 लाख रुपये है। इसी प्रकार 12 बाय 45 मीटर के 93 भूखंड रिक्त हैं, प्रति भूखंड मूल्य 19.17 लाख रुपये है। इसी तरह 5 बाय 15 मीटर के 6 भूखंड हैं, प्रति भूखंड मूल्य 9.58 लाख रुपये है। उक्त भूखंडों का आवंटन नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की सुविधा को देखते हुए 4 किश्तों में राशि जमा करने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट नगर में रिपेयरिंग यार्ड, ढाबा, रेस्टोरेंट, पार्किंग, धर्मकांटा, पेट्रोल पंप का भी प्रावधान किया गया है, जिनका निर्माण कार्य एक-दो माह में शीघ्र पूर्ण कराने के प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष बीएन तिवारी ने शेष 115 ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भी नो लॉस नो प्रॉफिट के आधार पर भूखंड आवंटन की मांग की। इस पर निगमायुक्त ने उपस्थित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को शासन के नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि नवीन ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को अब अचल संपत्ति अंतरण नियम के तहत निविदा के माध्यम से भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इसके तहत जो ट्रांसपोर्ट व्यवसायी नीलामी में भाग लेगा, उसे ही नियमानुसार भूखंड का आवंटन प्राप्त होगा।
निगमायुक्त ने जानकारी दी कि ट्रांसपोर्ट नगर में पूर्व में चिन्हित 226 लोगों में से पात्र 114 ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भूखंड आवंटन की कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें से 77 लोगों द्वारा स्थल पर विकास कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। शेष ट्रांसपोर्टरों से भी शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराते हुए ट्रांसपोर्ट नगर से ही व्यवसाय प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, ताकि नगर की यातायात व्यवस्था सुचारू बन सके।
बैठक में मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, एडवोकेट सुरेंद्र गुप्ता, जय नारायण निषाद, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सुमित्रा रावत, प्रभा गुप्ता, शकुंतला सोनी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष बीएम तिवारी, नगर निगम के अधिकारी, बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।











Leave a Reply