जनमत हिन्दी। सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल जी की जयंती प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी कटनी शहर और माधवनगर में अपार उत्साह, उमंग, हर्षोल्लासमय वातावरण के बीच मनाया जाता है। कटनी में भगवान श्री झूलेलाल जी का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा करीब सात दशक पुरानी है। वर्ष 1959 से श्री झूलेलाल जी का जन्मोत्सव मनाने की शुरूआत की गई और तब स्टेशन रोड के व्यापारियों गिरधारीलाल खूबचंदानी, सच्चानंद लालवानी, श्रीचंद पमनानी, सहजराम, पमनदास माखीजा, किशनचंद पोपटानी, किशनचंद मूरजमल ने पहल की और पहली बार भगवान श्री झूलेलाल जी जन्मोत्सव मनाया गया। जन्मोत्सव के आयोजन में उस समय मात्र 51 रूपए खर्च हुए थे। प्रारंभ में तो सिर्फ बहराणा साहब की अखंड ज्योति ही निकाली जाती थी। समय बीतता गया और नौजवानों के नेतृत्व में नई-नई गतिविधियां होने लगी, जिसका पूरा श्रेय स्वर्गीय गिरधारीलाल खूबचंदानी को जाता है, जिन्होंने सामाजिक संस्थाओं को प्रेरित करते हुए चेट्रीचंड पर होने वाले आयोजनों रूपरेखा तैयार की। शहर के समाजसेवी संजय खूबचंदानी ने बताया कि चेट्रीचंड का पर्व भगवान श्री झूलेलाल जी के जन्मदिवस के साथ ही सिंधु संस्कृति की याद दिलाता है। सिन्धी संस्कृति, जो अति प्राचीन मानी गई है, हड़प्पा मोहन जोदड़ो, इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है। सिन्धु संस्कृति और सभ्यता का कुछ अंश आज भी चेट्रीचंड्र पर्व पर दिखाई देते हैं। 1947 में जब देश को स्वतंत्रता मिली और हिन्दुस्तान-पाकिस्तान दो अलग-अलग राष्ट्र बने, तब सिन्ध में बसे सिन्धुवासियों को अपना वतन सिंध छोड़कर भारत आना पड़ा और नए राष्ट्र भारत में आकर भारत को अपनी मातृभूमि बनाना पड़ा। सिंधी समाज के लोग आज भी अपने इष्ट देव भगवान झूलेलाल जी को नहीं भूले थे। उनकी स्तुति करते आ रहे हैं और रोजगार के साथ ही अपनी संस्कृति, सभ्यता और भाषा को भी नहीं भूले हैं। अब बात यह सामने आई कि चेट्रीचंड तो मनाते है, पर उसका क्या महत्व है। यहां के लोगों को कैसे पता चले, इसके लिए चेट्रीचण्ड्र महोत्सव पर बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक स्टेशन रोड रेस्ट हाउस में होने लगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने लगे। सन 1978 में गुरुनानक वार्ड स्थित श्री झूलेलाल मंदिर का निर्माण हुआ और धीरे-धीरे चेट्रीचंड महोत्सव की भव्यता बढ़ाने और आयोजन को वृहद रूप देने के लिए स्वर्गीय प्रेम चेलानी, स्वर्गीय होतचंद बजाज, स्वर्गीय खियलदास प्रथ्यानी, स्वर्गीय जयरामदास गांधी, स्वर्गीय नामदेव केसवानी, स्वर्गीय सच्चानंद जसूजा, स्वर्गीय मोहन गंगवानी, स्वर्गीय जेठानंद गलानी, स्वर्गीय जयरामदास पुरूसवानी, स्वर्गीय उधाराम मंगलानी, स्वर्गीय त्रिलोकचंद रोहरा, स्वर्गीय आसनदास केसवानी, स्वर्गीय अर्जुनदास दास रोहरा आदि ने चेट्रीचंड महोत्सव को मनाने में और भव्यता प्रदान की। करीब सात दशक से चली आ रही इस परंपरा ने आज एक उत्सव का रूप ले लिया है।
सात दशकों की परंपरा बना भव्य उत्सव: आस्था, संस्कृति और संघर्ष की कहानी, भगवान झूलेलाल की आस्था से सजा चेट्रीचंड महोत्सव का इतिहास












Leave a Reply