कटनी में शिक्षक निलंबित: शराब पीकर स्कूल आने का आरोप, जिला पंचायत सीईओ ने किया निलंबित

जनमत हिन्दी। शिक्षा के मंदिर में शराब पीकर आने और अनुशासनहीनता बरतने पर कटनी जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने संकुल केन्द्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल विजयराघवगढ़ के शासकीय प्राथमिक शाला गोइन्द्रा में पदस्थ सहायक अध्यापक अरविन्द कुजूर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह मामला तब प्रकाश में आया जब ग्रामीणों ने शिक्षक की इस हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जनशिक्षक द्वारा विद्यालय परिसर पहुंचकर मामले की जांच की और पंचनामा तैयार किया। जांच के आधार पर यह पाया गया कि सहायक अध्यापक अरविंद कुजूर अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं और बच्चों को नहीं पढ़ाते हैं। सहायक अध्यापक का यह कृत्य घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मद्देनजर पंचायत सीईओ ने मप्र सिविल सेवा नियम के उपनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला गोइन्द्रा के सहायक अध्यापक अरविन्द कुजूर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में सहायक अध्यापक अरविंद कुजूर का मुख्यालय कार्यालय विकासखड शिक्षा अधिकारी बड़वारा में निर्धातिर किया गया है। निलंबन अवधि में सहायक अध्यापक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। गौरतलब है कि पिछले दिन शिक्षक के शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक ने शिक्षक के कृत्य के प्रति नाराजगी जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *